उधमपुर। बिजली विभाग ने घरेलू उपभोक्ताओं को सख्त चेतावनी दी है कि जिन लोगों का बिजली बिल बकाया है वे 31 मार्च तक बकाया जमा कर दें अन्यथा उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा। विभाग ने संचालित एमनेस्टी योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को ब्याज में छूट दी है।
यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए लागू की गई है। योजना के तहत उपभोक्ताओं को केवल मूल राशि का भुगतान करना होगा, जबकि ब्याज और अन्य अतिरिक्त शुल्क में राहत प्रदान की जा रही है। यदि निर्धारित तिथि तक बिल जमा नहीं कराया गया तो उपभोक्ताओं को पूरी राशि ब्याज सहित अदा करनी पड़ेगी और कनेक्शन भी रद्द किया जा सकता है।
बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं को बिना किसी रंग यानी सफेद पेपर में बिल प्राप्त हो रहा है, वे बकाया बिलाें के दायरे में आते हैं और योजना का लाभ उठा सकते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को समय रहते अपना बिल जमा करवाना अनिवार्य है। मार्च 2026 के बाद बकाया रहने पर विभाग सख्त कार्रवाई करते हुए कनेक्शन रद्द कर देगा। बता दे कि जिले में बिजली की आपूर्ति उत्तरी ग्रिड से हो रही है और वर्तमान में बिजली की कोई कमी नहीं है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल आम उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि जिन सरकारी विभागों पर भी बिजली बिल बकाया है, वे भी शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें। उपभोक्ताओं से अपेक्षा की गई है कि वे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए समय पर बिल का भुगतान करें।
कोट
योजना ग्रामीण उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से लाई गई है। सभी बकायादार उपभोक्ता समय रहते बिल जमा कर अनावश्यक परेशानी और कनेक्शन कटने से बचें। सरकार की एमनेस्टी योजना का पूरा लाभ उठाएं और 31 मार्च 2026 से पहले अपना बकाया बिल जमा कर दें। उन्होंने कहा कि योजना की अवधि बढ़ाए जाने की कोई संभावना नहीं है, इसलिए उपभोक्ता अंतिम तिथि का इंतजार न करें।
- अनुज गुप्ता, एईई, बिजली विभाग