उधमपुर। जिले में बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) की ओर से दरसू-7 सेतु को देश को समर्पित किया गया है। पुल बनने से लोगों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल सिर्फ एक ढांचा नहीं, बल्कि सुविधा, सुरक्षा और विकास का रास्ता खोलने वाला कदम है। न सिर्फ आवाजाही आसान होगी, बल्कि सेना और सुरक्षा बलों की मूवमेंट भी कहीं ज्यादा बेहतर हो पाएगी।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दरसू-7 सेतु का वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा कि यह राष्ट्र निर्माण की दिशा में गौरवपूर्ण मील का पत्थर है। उनका कहना है कि केंद्र सरकार और बीआरओ लगातार सीमावर्ती और पहाड़ी इलाकों में बेहतरीन काम कर रहे हैं, जिसका सीधा फायदा जनता को मिल रहा है।