उधमपुर। सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) की तरफ से आयोजित तीन दिवसीय खेलें सुभाष स्टेडियम में संपन्न हो गईं। जीएमसी के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कलसोत्रा के मार्गदर्शन में आयोजित खेल गतिविधियाें का उद्देश्य एमबीबीएस छात्रों, संकाय सदस्यों और कॉलेज कर्मचारियों के बीच शारीरिक फिटनेस, टीम वर्क और तनाव प्रबंधन को बढ़ावा देना था।
उपायुक्त सलोनी राय समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। उन्होंने छात्रों को खेल भावना और खेल उत्कृष्टता प्रदर्शित करने के लिए एक जीवंत मंच प्रदान करने की जीएमसी उधमपुर की पहल की सराहना की।
इस अवसर पर बोलते हुए प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कलसोत्रा ने चिकित्सा शिक्षा में खेलों के महत्व पर जोर दिया और बताया कि सक्षम स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों के निर्माण के लिए संतुलित शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य आवश्यक है। उन्होंने खेल समिति की इस आयोजन की सुनियोजित योजना और क्रियान्वयन के लिए प्रशंसा की।