रियासी। एसएसपी मुकुंद तिबरेवाल ने कौड़ी बक्कल पुल, रेलवे स्टेशन और सावलाकोट सहित प्रमुख प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जांची और समीक्षा की। दौरे के दौरान एसएसपी के साथ अतिरिक्त एसपी इफ्तेखार अहमद और एसडीपीओ अरनास उपदेश कुमार भी थे।
चिनाब नदी पर बने कौड़ी बक्कल पुल पर एसएसपी ने पुल और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए तैनात सीआरपीएफ, जीआरपी और एसपीपी कौड़ी के कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने आसपास के गांवों और वन क्षेत्रों की प्रभावी संयुक्त निगरानी सुनिश्चित करने के लिए मजबूत अंतर एजेंसी समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सख्त पहुंच नियंत्रण उपायों और आधुनिक निगरानी प्रणालियों के उपयोग पर भी बल दिया। रेलवे स्टेशन पर एसएसपी ने एसपीपी सावलाकोट, आरपीएफ और ग्राम रक्षा गार्ड के सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी क्षेत्र नियंत्रण अभ्यासों का दैनिक आधार पर विधिवत दस्तावेजीकरण किया जाए। वीडीजी सदस्यों के नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास के महत्व पर जोर दिया।
एसएसपी ने धंसाल पुलिस चौकी और अरनास पुलिस स्टेशन का भी दौरा किया। उन्होंने पुलिस रिकॉर्ड के रखरखाव में सुधार और परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जांच अधिकारियों को लंबित मामलों को कम करने के लिए जांच में तेजी लाने, लापता व्यक्तियों का पता लगाने और फरार अपराधियों को गिरफ्तार करने पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।
दौरे के समापन पर एसएसपी ने दोहराया कि धार्मिक स्थलों सहित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जिले की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।