रनसू/शिवखोड़ी। महाशिवरात्रि से एक दिन पूर्व श्री शिवखोड़ी धाम व आधार शिविर रनसू हर-हर महादेव की जय के जयघोष से गूंज उठा। शनिवार शाम पांच बजे तक 12 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने भोले बाबा के दर्शन किए। सुबह श्री शिवखोड़ी धाम में तीन दिवसीय महाशिवरात्री मेले की शुरुआत डोगरा परंपरा के साथ हुई। शोभायात्रा निकली जिसमें भगवान शिव की मनमोहक झांकियां भी शामिल हुईं। ढोल-बाजों के साथ शोभायात्रा शिवखोड़ी धाम के दर्शनी ड्योढी तक निकली। इसमें प्रदेश के गृह सचिव, डीसी निधि मलिक, विधायक कुलदीप राज दुबे व जिला स्तर के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। दर्शनी ड्योढी में विधिवत पूजन के साथ महाशिवरात्रि मेला व यात्रा की शुरुआत हुई। एक सांस्कृतिक कार्यक्रम जहां के टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर में हुआ। इसमें बाहरी राज्यों के साथ ही स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दिखाते हुए भजन प्रस्तुत किए। भजनों को सुनने के लिए स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे। महाशिवरात्रि पर रनसू से शिवगुफा तक सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है। जम्मू कश्मीर पुलिस के जवानों के साथ ही सीआरपीएफ व सेना के जवान भी चप्पे चप्पे पर नजर रखे हुए है।
-
श्रद्धालुओं को बिना यात्रा पर्ची के जाने की अनुमति नहीं
रनसू/शिवखोड़ी। महाशिवरात्रि पर शिवखोड़ी में आने वाले श्रद्धालुओं को पैदल ट्रैक पर किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने पाए इसको लेकर घोड़ा सुविधा को बंद रखा गया। बजुर्गों या दिव्यांगों को यात्रा करने में कोई परेशानी नहीं आने पाए इसके लिए पालकी की सेवा जारी रखी गई। प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को बिना यात्रा पर्ची के जाने की अनुमति नहीं मिली। लोगों ने गुफा के बाहर कतारों में खड़े हो कर दर्शन करने को अपनी बारी का इंतजार किया। आज महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर शिवखोड़ी में डेढ़ लाख तक श्रद्धालुओं के आने की आशा जताई जा रही है। संवाद