रियासी। जिला समाज कल्याण विभाग की तरफ से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना और बाल विवाह मुक्त भारत के सौ दिवसीय अभियान के अंतर्गत कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गीता नगर में स्थित आईटीआई में जिला समाज कल्याण अधिकारी सचिन शर्मा ने छात्राओं को कंप्यूटर एप्लीकेशन में एडवांस कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बाल विवाह उन्मूलन के प्रयास युवा लड़कियों के सशक्तीकरण उनके स्वास्थ्य और कल्याण को सुनिश्चित करने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस प्रथा को जड़ से खत्म करने और एक ऐसे समाज के निर्माण के लिए जहां हर बच्चा आगे बढ़ सके, कानूनी ढांचा जागरूकता अभियान और सामुदायिक भागीदारी आवश्यक हैं। छात्रों ने नारा लेखन में भी भाग लिया, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। आईटीआई के अधीक्षक राजेश कुमार बनोत्रा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी आईटीआई के संकाय सदस्य और छात्र उपस्थित रहे।