पंजीकरण कक्ष खुलने के बाद श्रद्धालु कतार में लगे।
- फोटो : katra news
कटड़ा। धर्मनगरी सहित मां वैष्णो देवी के दरबार में वीरवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश से शुक्रवार को यात्रा व्यवस्थाओं पर असर देखने को मिला। खराब मौसम और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने शुक्रवार सुबह पंजीकरण काउंटरों पर विशेष सतर्कता बरती। सुबह करीब 800 श्रद्धालुओं का पंजीकरण करने के बाद मौसम की स्थिति को देखते हुए सुबह सात बजे श्राइन बोर्ड ने पंजीकरण काउंटर अस्थायी रूप से बंद कर दिए। इन्हें साढ़े सात घंटे बाद दोपहर 2.50 खोला गया।
बारिश के कारण यात्रा मार्गों पर फिसलन और मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए यह निर्णय एहतियातन लिया गया ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या हादसे से बचा जा सके। हालांकि श्राइन बोर्ड लगातार मौसम पर नजर रख रहा है। हालात में कुछ सुधार होने के बाद शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे पंजीकरण काउंटरों को दोबारा खोल दिया गया। काउंटर खुलते ही श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी संख्या पंजीकरण केंद्रों पर पहुंचने लगी। शाम 5:00 बजे तक करीब 7500 श्रद्धालु पंजीकरण करवाने के बाद आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।
श्राइन बोर्ड की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, मेडिकल सुविधा सेवा तथा अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रहीं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मौसम को देखते हुए सावधानी बरतें। यात्रा के दौरान दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों से तुरंत संपर्क करें।