किश्तवाड़। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामनेई की मौत के विरोध में सोमवार को मुस्लिम समुदाय ने जिले को बंद रखा। इस दौरान जामा मस्जिद के बाहर नमाज से पहले शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इसके बाद इमाम फारूक अहमद के नेतृत्व में लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारेबाजी की।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा प्रबंध किए थे। शहर के विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। डाकबंगला के पास कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन चला, जिसके बाद स्थिति सामान्य रही। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहा है।