किश्तवाड़। जिले में इस सप्ताह किए गए 635 लोगों के कोविड टेस्ट में मात्र 23 मामले ही मिले हैं। इस कारण संक्रमण दर .34 रह गई है। यह जानकारी डीसी अशोक कुमार शर्मा ने प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि अभी तक जिले में कोरोना के 4613 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 4539 स्वस्थ हो चुके हैं। 44 लोगों की मौत हुई हैं, जिनमें 31 किश्तवाड़ और 13 की दूसरे जिलों में मौत हुई है। मार्च से अभी तक 1874 मामले सामने आए हैं। अभी भी पांच संक्रमित जिला अस्पताल में भर्ती हैं। 15 संक्रमितों को जम्मू रेफर किया गया है। 151 लोग अस्पताल से और 1664 अपने घरों से रिकवर हुए हैं। कुल 1815 स्वस्थ हुए हैं। अभी भी 43 संक्रमितों का उपचार चल रहा है। जिले में 97.62 फीसदी लोगों का 45 से अधिक आयु वर्ग का टीकाकरण हो चुका है। 1157 लोग जिनमें अधिकतर लोग दूसरे राज्यों में हैं का टीकाकरण शेष है। 1143 संक्रमितों को कोरोना किट वितरित की गई है। ऑक्सीजन प्लांट का काम चल रहा है, जिसे जल्द तैयार कर लिया जाएगा।