उधमपुर। कोविड-19 के दौरान सेवा देने के लिए जिला अस्पताल उधमपुर की पैरामेडिकल स्टाफ सदस्य अभिलाषा को केंद्र सरकार से विशेष सम्मान प्राप्त हुआ है। अभिलाषा ने कोरोना काल में 414 सत्रों में एक लाख 13 हजार लोगों को टीकाकरण किया है। बेहतर सेवा के लिए पूरे जम्मू संभाग में से केवल अभिलाषा को चयनित किया गया है।
शुक्रवार को जिला अस्पताल प्रबंधन ने एक कार्यक्रम का आयोजन कर अभिलाषा को सम्मानित किया। इस अवसर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केसी डोगरा और जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय रैना मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित अन्य लोगों ने भी अभिलाषा को गुलदस्ता व अन्य उपहार भेंट कर सम्मानित किया, और उन्हें बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सीएमओ ने कहा कि इस सम्मान के लिए जम्मू संभाग में केवल एक स्टाफ सदस्य का चयन किया गया है। और वह जिला अस्पताल उधमपुर की पैरामेडिकल स्टाफ सदस्य अभिलाषा हैं, जिन्होंने यह सम्मान प्राप्त कर उधमपुर के साथ पूरे जम्मू संभाग को गौरवान्वित किया है। इसके अलावा अन्य स्टाफ सदस्यों के लिए भी प्रेरणा का स्त्रोत बन गई हैं। अभिलाषा को मिले सम्मान ने अन्य सदस्यों का जोश दोगुना कर दिया है।