उधमपुर। जिले में वीरवार शाम से रात तक चलीं तेज हवाओं से बिजली ढांचे को बहुत नुकसान पहुंचा है। इससे शहर के विभिन्न हिस्सों में करीब छह घंटे तक अंधेरा छाया रहा। इसका असर शुक्रवार को भी जारी रहा, और दिन में भी बिजली गायब रही। हालांकि, विभाग ने शहर व आसपास के इलाकों में अस्थायी रूप से सेवा बहाल कर दी है, लेकिन अभी नुकसान का अनुमान नहीं लग पाया है।
वीरवार शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम बिगड़ गया, जिससे तेज हवाएं चलने लगी थीं। कुछ मिनटों में हवा तेज हो गई तो नुकसान से बचने के लिए बिजली विभाग ने शहर की बिजली बंद कर दी। लेकिन, शाम करीब सात बजे हवाएं और तेज हो गईं, और शहर में पेड़ों की टहनियों का गिरना शुरू हो गया। जब टहनियां बिजली की केबल पर गिरीं तो केबल टूटती चली गई। कई स्थानों पर 11केवी और एलटी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
शहर के कैप्परी इलाके में पेड़ बिजली की लाइन पर गिर गया। इसके बाद विभाग के लिए बिजली बहाल करना मुश्किल हो गया। शाम करीब सात बजे पूरे शहर व आसपास के इलाकों में बिजली गुल हो गई थी। रात करीब नौ बजे हवा की रफ्तार थोड़ी कम हुई। लेकिन, तब तक शहर व आसपास के इलाकों में बिजली के कई खंभे व केवल क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके साथ कई ट्रांसफार्मर भी खराब हो गए थे।
विभाग ने रात को ही बिजली बहाल करने का काम शुरू कर दिया, और रात करीब एक बजे तक आधे से अधिक शहर में अस्थायी तौर पर बिजली बहाल कर दी। शुक्रवार को सुबह फिर से बिजली स्थायी तौर पर बहाल करने का काम शुरू किया गया। दिन भर मशक्कत करने के बाद पूरे शहर में बिजली बहाल कर दी गई। हालांकि, मरम्मत के काम के चलते दिन को भी पूरे शहर के कई हिस्सों में तीन से चार घंटे की कटौती की गई।
शहर से सटे कुछ इलाकों में दूसरे दिन भी बिजली बहाल करने में कामयाबी नहीं मिली। विभाग का कहना है कि इसको सुबह तक बहाल कर दिया जाएगा। वहीं, घंटों बिजली बंद रहने के कारण शहर के कुछ इलाकों में दिन भर जलापूर्ति नहीं हो सकी। इसके कारण शहरवासी परेशान हुए। जिन इलाकों में वीरवार रात को बिजली बहाल नहीं हुई, वहां के लोगों को रात भर परेशानियों से जूझना पड़ा।
-----
वीरवार को तेज हवा चलने पर बिजली ढांचे को बहुत नुकसान हुआ है। कई ट्रांसफार्मर खराब हो गए। कई खंभे गिर गए हैं। शुक्रवार को दिन भर मरम्मत की गई, और काफी हद तक बिजली बहाल कर दी गई है। इसके साथ नुकसान का आकलन भी शुरू कर दिया है। नुकसान इतना अधिक हुआ है कि इसका आकलन करने में समय लगेगा।
- संजय गुप्ता, एईई, पीडीडी, उधमपुर
उधमपुर में वीरवार रात को तेज हवा चलने पर क्षतिग्रस्त हुए बिजली के खंभा व केबल- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर में वीरवार रात को तेज हवा चलने पर क्षतिग्रस्त हुए बिजली के खंभा व केबल- फोटो : UDHAMPUR