कटड़ा। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने धर्मनगरी को कोरोना से मुक्त करने के लिए फिर से जांच शुरू कर दी है। अब सिर्फ निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद ही धर्मनगरी में प्रवेश दिया जा रहा है। कोरोना महामारी की तीसरी लहर को देखते हुए धर्मनगरी से दस किलोमीटर दूर जम्मू मार्ग पर मूरी सहित पैंथल चेक पोस्ट पर कोविड टेस्टिंग शुरू कर दी गई है। सनद रहे कि कटड़ा में सोमवार को 40 टैवलर्स संक्रमित मिले थे।
जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन ने यात्रियों के संक्रमित मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए सोमवार को धर्मनगरी के प्रवेश द्वार पर कोविड टेस्टिंग करने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में कोरोना टेस्ट शुरू कर दिए हैं। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों के लिए विभिन्न स्थानों पर बनाए गए केंद्रों में जांच की जा रही है। इनमें रेलवे स्टेशन, हेलिपैड, दर्शनी ड्योढ़ी, नए ताराकोट मार्ग का प्रवेश द्वार शामिल हैं। बीएमओ डॉक्टर गोपाल दत्त ने इसकी पुष्टि की है।