उधमपुर: स्वास्थ्य विभाग द्वारा काबल ढगा मिडिल स्कूल में हेल्थ मेला लगाया क्या.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को आजादी का अमृत महोत्सव के तहत कैंबल डंगा में स्थित सरकारी मिडिल स्कूल में स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया। इसमें सैकड़ों लोगों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाएं दी गईं। साथ ही कई लोगों को कोरोना वैक्सीन भी लगाई गई।
कार्यक्रम में डीडीसी अध्यक्ष लाल चंद मुख्य मेहमान थे। उनके साथ बीडीसी उधमपुर बलवान सिंह भी मौजूद थे। बीएमओ डॉ. अनिल शर्मा के नेतृत्व में सुबह 11 बजे डीडीसी अध्यक्ष ने स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद एक एक कर मरीजों की जांच की गई। मेले में टीबी, एनसीडी और मलेरिया की स्क्रीनिंग की गई है। इसके साथ दांतों, आंखों और स्त्री रोग की जांच की गई।
दोपहर तक चले मेले में नौ लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। 117 लोगों की जनरल ओपीडी हुई। 35 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 15 के दांतों की जांच, 70 के आंखों की जांच, 17 स्त्रियों के रोगों की ओपीडी हुई। इसके साथ 36 लोगों के हीमोग्लोबिन टेस्ट, 25 लोगों के ब्लड शुगर टेस्ट और 10 लोगों का एएफबी टेस्ट किया गया। 120 लोगों की आयुष ओपीडी हुई।
मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सही खानपान के बारे में जानकारी दी। बताया कि घरों के अंदर व बाहर गंदगी जमा न होने दें। घरों में साफ पानी भी जमा न होने दें। इससे मलेरिया व डेंगू के मच्छर पनप सकते हैं। कोविड को लेकर भी सावधानी रखी जाए। घर से बाहर निकलने पर मास्क पहनें और सामाजिक दूूरी का ख्याल रखें। जिन लोगों ने अभी तक कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाई है, वे तुरंत वैक्सीन लगवा लें। मौके पर जोनल स्वास्थ्य अफसर डॉ. सुदेश और सरपंच दर्शना देवी भी मौजूद थीं।
उधमपुर: स्वास्थ्य विभाग द्वारा काबल ढगा मिडिल स्कूल में हेल्थ मेला लगाया क्या.- फोटो : UDHAMPUR