किश्तवाड़। ट्रक में खाना बनाना एक ट्रक चालक और सहचालक को भारी पड़ा। गैस चूल्हे में आग लगने से दो बुरी तरह झुलस गए। दोनों जिला अस्पताल में उपचाराधीन हैं। मामला किश्तवाड़ के पडिहारना की है।
जानकारी के अनुसार रविवार को दोपहर के समय शहर से लगभग 30 किलोमीटर दूर पडिहारना इलाके में पक्कल-डुल पावर प्रोजेक्ट के लिए ट्रक (जेके02एसी-0295) में सीमेंट लाया गया था। अनलोडिंग के बाद चालक और सहचालक ने ट्रक में ही खाना बनाना चाहा। इस दौरान गैस चूल्हे में अचानक आग लग गई। हालांकि ट्रक को जलने नहीं दिया। गैस सिलिंडर को ट्रक से बाहर फेंक दिया। इस दौरान चालक मोहमद अशफाक और सहचालक शंकर उर्फ मिनू दोनों बटेत निवासी बुरी तरह झुलस गए। प्रोजेक्ट के कर्मचारियों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। संवाद