उधमपुर। करीब एक महीने के इंतजार के बाद बुधवार से देविकानगरी में एक बार फिर से घर-घर से कचरा उठाने की योजना शुरू हो जाएगी। हालांकि पहले दिन केवल कुछ वार्ड से ही कचरा उठाया जाएगा। लेकिन सात सितंबर से सभी वार्डों में नियमित तरीके से काम शुरू हो जाएगा। इससे शहरवासियों को बहुत ज्यादा राहत मिलेगी, क्योंकि एक महीने से योजना के बंद होने के कारण शहरवासी बहुत ज्यादा परेशान हैं। इसके लिए घर से 50 और दुकान से कचरा उठाने पर 100 रुपये देने होंगे। यह पहले से ही दाम तय हैं, जिनमें बदलाव नहीं हुआ है।
2018 में देविकानगरी उधमपुर में घर-घर से कचरा उठाने की योजना को शुरू किया गया था। दिल्ली की कंपनी के साथ नगर परिषद ने तीन वर्ष का करार किया था और यह करार जून 2021 में खत्म हो गया। इससे पहले ही नगर परिषद ने नई कंपनी को टेंडर देने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया था। जून के अंत तक उधमपुर की ही एक कंपनी को टेंडर जारी कर दिया गया। लेकिन कुछ लोगों को ई-टेंडर की प्रक्रिया के जरिए टेंडर न देने पर इसको लेकर आपत्ति जताई। डायरेक्टर लोकल बाडी ने इस टेंडर को रद्द कर नगर परिषद को ई-टेंडर के जरिए टेंडर जारी करने के आदेश जारी कर दिए। इसके बाद नगर परिषद ने फिर से टेंडर के लिए अधिसूचना जारी की। एक अगस्त से पुरानी कंपनी ने भी घर-घर से कचरा उठाना बंद दिया। इससे शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई, जो अगस्त तक जारी रही। नगर परिषद ने ई-टेंडर के तहत टेंडर जारी करने की प्रक्रिया को अगस्त के अंतिम सप्ताह तक पूरा कर लिया है। टेंडर जम्मू के अमनदीप इंटरप्राइजेज को जारी किया है। अमरदीप इंटरप्राइजेज को शहर के 21 वार्ड में काम शुरू करने के लिए सात दिन का समय दिया गया है।
नियम अनुसार टेंडर जारी करने के बाद सात दिन समय दिया जाता है। यह समय अमनदीप इंटरप्राइजेज को दिया गया है। इस समय में कंपनी मशीनरी व कर्मचारियों की पूरी व्यवस्था करेगा। लेकिन बुधवार से कुछ वार्ड में कचरा उठाने का काम शुरू करने का निर्देश दिया गया है। इससे कंपनी के कर्मचारियों को शहर का सर्वे करने का समय मिल जाएगा।
-डॉ. जोगेश्वर गुप्ता, नगर परिषद चेयरमैन