उधमपुर। फिट इंडिया मूवमेंट के तीसरे संस्करण के तहत जिले के सरकारी व निजी स्कूलों में 12 दिसंबर तक कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहने की जानकारी दी जाएगी।
शिक्षा निदेशक जम्मू से आदेश मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने कुछ कार्यक्रमों की शुरूआत स्कूलों में कर दी है। सरकार की तरफ से 2020 में फिट इंडिया मूवमेंट की शुरूआत की गई थी। इसको पूरे देश के स्कूल व कॉलेजों में विशेष तौर पर लागू किया गया है। इसी के तहत खेल और शिक्षा विभाग कई तरह की खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर चुके हैं।
अब इसके तीसरे संस्करण के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत जिले के सरकारी व निजी स्कूलों में आजादी के अमृत महोत्सव के साथ सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम, वाद विवाद, संगोष्ठी, व्याख्यान, प्रश्नोत्तरी, कविता, निबंध लेखन प्रतियोगिता, पोस्टर बनाओ और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही सही खानपान और संतुलित आहार पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, योग और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
--------
शिक्षा निदेशक से आदेश मिलने के बाद जिले में फिट इंडिया मूवमेंट के तहत कार्यक्रम शुरू कर दिए गए हैं। इनको अब 12 दिसंबर तक लगातार जारी रखा जाएगा। विद्यार्थियों को स्वस्थ रहने से संबंधित कई जानकारियां दी जा रही हैं।
- रामकुमार गुप्ता, डिप्टी सीईओ, उधमपुर