लाटी में पीड़ित को राहत सामान देते अधिकारी :- संवाद
- फोटो : UDHAMPUR
चिनैनी। तहसील लाटी के अंतर्गत वीरवार को एक मकान पूरी तरह आग की भेंट चढ़ गया। जिससे लाखों का नुकसान हुआ है। आग पर काबू पाने के लिए ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत की, लेकिन आग की लपटों ने मकान को राख में तब्दील कर दिया।
पीड़ित राकेश कुमार से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार सुबह उसके घर में अचानक आग लग गई। आग कैसे लगी? इसके बारे में उसे कुछ पता नहीं, लेकिन आग की लपटों ने उसके मकान को राख कर दिया। आग से लाखों का नुकसान हुआ है। आग लगने के तुरंत बाद गांव के लोगों की मदद से आग पर काबू पाने के पूरे प्रयास किए गए। मगर, जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक पूरा मकान जल गया था, और घर के अंदर पड़ा सामान भी राख बन गया था।
वहीं, मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने भी जायजा लिया और पीड़ित को तुरंत मुआवजे की मांग की। तहसीलदार परमदीप सिंह ने बताया कि डीसी के निर्देश पर तत्काल राहत के लिए पीड़ित को 30 हजार रुपये, कंबल और अन्य सामान दिया गया है।
-----
तहसील मुख्यालय होने पर भी लाटी में नहीं है दमकल सुविधा
तहसील मुख्यालय होने के बावजूद आज तक लाटी में दमकल वाहन नहीं है। लाटी और दूरदराज क्षेत्र में आग लग जाए तो चिनैनी से करीब चार घंटों बाद वाहन लाटी पहुंचता है। लाटी के सरपंच कस्तूरी लाल गुप्ता व अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि लाटी को तहसील तो बनाया गया, लेकिन कई वर्षों से लाटी में दमकल सुविधा नहीं दी गई। लोगों की मांग को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। साल में करीब 20 घटनाएं आग की घट जाती हैं। ऐसे में लोगों को ही आग पर काबू करने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है। क्षेत्र में ज्यादातर मकान लकड़ी से बने हैं। ऐसे में क्षेत्र में दमकल विभाग का कार्यालय होना बहुत आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से मांग उठाई कि तहसील मुख्यालय में दमकल विभाग खोला जाए।
लाटी में मकान में लगी आग :- संवाद- फोटो : UDHAMPUR