उधमपुर। शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में वीरवार को आयोजित होने वाली फायरमैन और फायरमैन चालकों की पासिंग आउट परेड की पूर्व संध्या पर एक सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें अकादमी प्रशिक्षुओं, प्रोबेशनर डिप्टी एसएसपी, सब इंस्पेक्टर एवं दमकल कर्मियों ने मुख्य रूप से भाग लिया।
इस अवसर पर फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के निदेशक डॉ. बी. श्रीनिवास मुख्यातिथि थे। वहीं पुलिस अकादमी के निदेशक डॉ. एसडी सिंह जम्वाल ने प्रशिक्षुओं द्वारा प्रदर्शित सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने प्रशिक्षुओं को पुलिस अकादमी में पूरे मन से अपना बुनियादी प्रशिक्षण लेने की सलाह दी। साथ ही अकदमी से पास आउट करने वाले फायरमैन, फायरमैन ड्राइवरों के उज्ज्वल सेवा करियर की कामना की। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के निदेशक डॉ. बी. श्रीनिवास ने भी प्रशिक्षुओं के सांस्कृतिक प्रदर्शन की सराहना की।
उन्होंने दमकलकर्मियों को पासिंग आउट परेड पर अपनी परेड प्रस्तुति में पूरी ताकत लगाने की सलाह भी दी। डॉ. श्रीनिवास ने अकादमी की वर्ष 1990 की प्रशिक्षण गतिविधियों को याद दिलाते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण संस्थान अब पर्याप्त स्तर के बुनियादी ढांचे के साथ पहले से काफी अधिक विकसित हो गया है। इस मौके पर अकादमी के उप निदेशक (आउटडोर) एसएसपी विजय कुमार जम्वाल, उप निदेशक (प्रशासन) एसएसपी विनय कुमार, एडी (आरएंडडी) सूरज सिंह, एडी (क्यू) केके शर्मा, एडी (आउटडोर) सनमती गुप्ता, एडी (प्रशासन) एंव कार्यक्रम के नोडल अधिकारी ताहिर हुसैन तथा डीएसपी (एस) रमेश कटारिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे।