चिनैनी। चिनैनी-सुधमहादेव सड़क पर बश्ट में पुल निर्माण कार्य के दौरान स्लैब गिरने से कंपनी कर्मचारी की मौत हो गई है। काफी मशक्कत के बाद शव को निकाल कर सीएचसी चिनैनी पहुंचाया गया है, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। उसकी पहचान तरकेश्वर वेन (42) पुत्र बुटान वेन निवासी गरीब टोला, सारन (बिहार) के रूप में हुई है। वह कंपनी में फैब्रिकेटर के रूप में कार्यरत था।
जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम को बश्ट गांव में पुल निर्माण कार्य के दौरान सीमेंट की गेटर स्लैब फैब्रिकेटर पर गिर गई। सूचना मिलते ही एसडीपीओ चिनैनी अहमद शाफी जरगर और थाना प्रभारी चरणजीत सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचे। मशीनों के जरिए सीमेंट की गेटर सलैब को कड़ी मशक्कत के बाद हटाते हुए व्यक्ति को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी चैनैनी पहुंचाया हैं, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।