विधानसभा चुनाव पर जिले में पहुंची इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की जांच के लिए चुनाव के अधिकारियों ने तैयारियां पूरी कर ली है।
जिला प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा के बीच 709 ईवीएम को सरकारी महिला कालेज में रखा हुआ है। जहां दिन रात सुरक्षाकर्मी ईवीएम के लिए तैनात हैं। तीन नवंबर को इंजीनियरिंग की टीम ईवीएम की पहली जांच करेगी और फिर इसे कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने का काम शुरू किया जाएगा।
विधानसभा चुनाव के लिए करीब डेढ़ महीना पहले ही गुजरात से 709 ईवीएम को उधमपुर शहर पहुंचा दिया गया था। कड़ी सुरक्षा के बीच सभी ईवीएम को महिला कालेज में रखा गया। जिला प्रशासन द्वारा इंजीनियरिंग की टीम के साथ पहले इन ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग की जानी थी।
इससे पहले चेकिंग का कार्य शुरू होता राज्य में बारिश से बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा सामने आ गई और चुनाव की तैयारियां अधर में लटक गई। बाढ़ के हालात के बाद चुनाव के स्थगित होने की भी आशंका लगने लगी।
प्रशासन ने भी अपना सारा ध्यान बारिश पीड़ितों तक सहायता पहुंचाने में लगा दिया। साथ ही ईवीएम फर्स्ट लेवल चेकिंग का कार्य भी अधर में लटक गया। 25 अक्तूबर को जैसे ही चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव का एलान किया, चुनाव आयोग के अधिकारियों ने भी काम में तेजी ला दी है।
इलेक्शन नायब तहसीलदार अब्दुल लतीफ ने बताया कि सितंबर में ईवीएम के 963 बैलट यूनिट व 709 कंट्रोल यूनिट प्रशासन के पास पहुंच गए थे। तीन नवंबर को इंजीनियरिंग की टीम ईवीएम की फर्स्ट लेवल जांच करेंगी और जांच पूरी होने के बाद ईवीएम से कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने का काम शुरू कर दिया जाएगा।