उधमपुर में सुभाष स्टेडियम के अंदर पटाखे के स्टाल लगाने के लिए चूने के साथ की गई निशानदेही
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जिला प्रशासन ने शहर में सुभाष स्टेडियम से बाहर और अन्य तहसीलों में निर्धारित स्थान से बाहर पटाखे बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया है। अगर कोई बाहर पटाखे बेचते पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, शहर में खराब मौसम के कारण मंगलवार को पटाखे के स्टाल नहीं लग सके। अनुमति मिलने के बाद पटाखा कारोबारियों को मंगलवार से स्टॉल लगाने का काम शुरू करना था। कोरोना संकट के कारण 2020 में दीपावली के अवसर पर पटाखे बेचने की अनुमति नहीं दी गई थी। लेकिन, इस बार प्रशासन ने सोमवार से अनुमति देना शुरू कर दिया है।
शहर में पटाखे बेचने के लिए सुभाष स्टेडियम निर्धारित किया है, और करीब 40 लोगों को पटाखे बेचने की अनुमति दे दी है। इसके लिए प्रशासन ने पटाखा विक्रेताओं के लिए निशानदेही भी कर दी है। मंगलवार को पटाखे के स्टॉल लगाने का काम शुरू होना था, लेकिन हल्की बारिश व तेज हवा चलने के कारण काम शुरू नहीं हो सका।
वहीं, दोपहर को उपायुक्त इंदु कंवल चिब ने आदेश जारी किया कि शहर में सुभाष स्टेडियम व अन्य तहसीलों में निर्धारित स्थान के बाहर पटाखे बेचने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। शहर में बाजार के अंदर कोई भी पटाखे नहीं बेच सकता है। आदेश के अनुसार एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस इसको लेकर निगरानी का काम करेंगे। जो भी बाहर पटाखे बेचता पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।