किश्तवाड़। जिले में नगर के पास स्थित हिडयाल गांव में दो सप्ताह से पेयजल संकट है। जिला मुख्यालय नजदीक होने के बावजूद इस समस्या पर जल शक्ति विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।
स्थानीय निवासी बालकृष्ण परिहार ने बताया कि एक बार नहीं, लगभग 10 बार जल शक्ति विभाग को इस समस्या से अवगत कराया गया है। हालांकि, विभाग का मुख्यालय उन घरों से मात्र 50 से 100 मीटर दूर ही स्थित है। फिर भी अधिकारियों ने गांव वालों की परेशानी को अनसुना कर दिया।
उन्होंने कहा कि लोगों के घरों में एक बूंद तक पानी नहीं आता। नल सूखे पड़े हैं। नहाना और कपड़े धोना तो दूर, पीने के लिए भी पानी नहीं मिल रहा है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि कोई भी घर बिना जल के न रहे। घर-घर तक नल पहुंचाया जाए। लेकिन, जल शक्ति विभाग के समीप वाले गांव में जल संकट है, और इसका कोई समाधान नहीं हो रहा।
--------
पानी के होज की नहीं हो रही सफाई
बालकृष्ण ने कहा कि विभाग के कर्मचारी इतने सुस्त हैं, कि गांव में पानी का होज तक साफ नहीं किया जा रहा। उसमें लगभग एक मीटर मलबा जमा हो गया है। जिसके चलते जिन घरों में थोड़ा पानी आता भी है, तो उन्हें गंदा पानी सप्लाई होता है। यह गांव बहुत बड़ा है। ऐसे में आधे गांव में भी पानी नहीं मिल पा रहा। अब लोग कानून हाथ में लेकर सड़कों पर उतरेंगे, और धरना प्रदर्शन करेंगे। इसकी जिम्मेदारी विभाग की ही होगी।