उधमपुर के हायर सेकेंडरी स्कूल में साइकिल चालक सूनील कुमार को साइकिल प्रदान करती डीसी इंदू कंवल च?
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। नगर के गवर्नमेंट ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थित जिला विकास आयुक्त इंदु कंवल चिब ने स्कूल के उत्कृष्ट साइकिल चालक सुनील कुमार को 1.7 लाख रुपये की साइकिल भेंट की।
स्कूल प्रधानाचार्य सुनील कुमार ने कहा कि जब भारत सरकार के संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल (आईएएस सेवानिवृत्त) स्कूल में आए थे, तब जिला विकास आयुक्त और स्कूल प्रशासन ने स्कूल के एक उत्कृष्ट साइकिल चालक सुनील कुमार को साइकिल देने की मांग की थी। जिसे मंत्री ने स्कूल को देने पर सहमति जताई।
उन्होंने कहा कि इसी के तहत आज इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने मंडल प्रबंधक संजीव शर्मा के नेतृत्व में स्कूल का दौरा किया और उपायुक्त के जरिये स्कूल को जावा फूय्को डिस्क 105 कार्बन बी-फ्यूजन साइकिल भेंट की। इस मौके पर एक कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ जिसमें विद्यार्थियों ने जनजातीय समुदाय की लोक संस्कृति पर आधारित एक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। क्योंकि, संस्था बिरसा मुंडा की जयंती भी मना रही है।
इस दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए खेल गतिविधियों में भाग लेने पर जोर दिया। वहीं, साइकिल चालक सुनील कुमार ने कहा कि उन्होंने जिला स्तर पर साइक्लिंग की कई प्रतियोगिताएं जीती हैं। हर बार राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया हैं। लेकिन, उनका सपना है कि वह अपने राज्य के लिए स्वर्ण पदक लाएं, और ओलंपिक में भी देश के लिए पदक जीतें। आज स्कूल और प्रशासन ने उन्हें बढ़िया साइकिल दी है, इससे सपना पूरा करने में आसानी होगी।