ब्लॉक रामनगर में 9 पीएचसी व 33 सबसेंटर, डॉक्टरों की कमी
उधमपुर। रामनगर में बने उपजिला अस्पताल में डाॅक्टरों की कमी है। यहां रामनगर उपजिला अस्पताल में ऑर्थो, डेंटल सर्जन और बच्चों का डाॅक्टर तक नहीं हैं। इसके चलते क्षेत्र के ज्यादातर लोगों को इलाज के लिए जीएमसी उधमपुर जाना पड़ रहा है।
अगर ब्लॉक की आबादी की बात की जाए तो 1.33 लाख है, जिस पर डाॅक्टरों की कमी लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी है। पूरे ब्लॉक में डाॅक्टरों के 15 पद हैं, लेकिन उनमें से सिर्फ मौजूदा समय में ब्लॉक में 8 ही डाॅक्टर पूरे ब्लॉक को चला रहे हैं, जबकि 7 डाॅक्टरों की कमी से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लॉक रामनगर में लोगों को स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए 9 पीएचसी व 33 सबसेंटर बनाए गए हैं। मगर कई पहाड़ी व दूरदराज के क्षेत्र आने के बावजूद सेंटरों में डाॅक्टरों की कमी के चलते लोगों को इलाज के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ब्लॉक में चल रही डाॅक्टरों की कमी को लेकर बीएमओ की ओर से कई बार अपने उच्च अधिकारियों को लिखित में भेजा जा चुका है। मगर आज तक सिवाए आश्वासन के कुछ नहीं मिला।
ब्लॉक में आ रही डाॅक्टरों की कमी को लेकर लिखित में उच्च अधिकारियों को भेज दिया है। उम्मीद है कि विभाग की ओर से ब्लॉक में खाली पड़े पदों को भरने का प्रयास किया जाएगा। ताकि लोगों को आ रही समस्या से निजात मिल सके।
- डॉ. हरविंदर सिंह, बीएमओ रामनगर