उधमपुर। देविका के मंदिरों तक वाहन ले जाने के लिए नगर परिषद देविका घाट के नजदीक अप्रोच रोड का निर्माण करेगा। यह सड़क सैरगाह रोड के साथ जुड़ेगी। इसके लिए नगर परिषद ने करीब 15 लाख रुपये मंजूर किए हैं।
मौजूदा समय में देविका घाट व मंदिरों तक वाहन लेकर जाना मुश्किल है। देविका के मंदिरों तक श्मशान घाट के रास्ते लोग वाहन लेकर पहुंचे थे। लेकिन, अब श्मशान घाट पर देविका नदी पर बने पुल को असुरक्षित घोषित कर इसे वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। अब गोल मार्केट की तरफ से जब किसी को देविका श्मशान घाट तक शव ले जाना हो तो लोगों को करीब दो सौ सीढ़ियां उतर कर श्मशान घाट पहुंचना पड़ता है।
मार्ग न होने के कारण शव के साथ सीढ़ियां उतरने में बहुत परेशानी होती है। इसी को लेकर अब नप ने 15 लाख रुपये में अप्रोच रोड बनाने की योजना तैयार की है। इसको मेगा प्रोजेक्ट में रखा गया है। अप्रोच रोड का निर्माण सैरगाह रोड से किया जाएगा। इससे सांई मंदिर से होकर लोग आसानी से देविका तक पहुंच जाएंगे। साथ ही देविका के सौंदर्यीकरण को देखने के लिए भी लोग आराम से देविका घाट तक पहुंच सकेंगे।
--------
अप्रोच रोड के लिए करीब 15 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। यह शहरवासियों की पुरानी मांग है, जिसे नगर परिषद पूरा करने जा रहा है। इसके बनने के बाद हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
- डॉ. जोगेश्वर गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष, उधमपुर