उधमपुर में खेल का सामान वितरित करती डीडीसी वाइस चेयरमैन जूही मन्हास
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर/मजालता। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जेडईओ कार्यालय में आयोजित एक समारोह में डीडीसी उपाध्यक्ष जूही मन्हास पठानिया ने क्षेत्र के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों को खेल किट वितरित किए।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ दिमाग और छात्र के सर्वांगीण विकास के लिए स्वस्थ शरीर बेहद जरूरी है। प्राथमिक स्तर पर प्रतिभाओं को तराशने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि विभिन्न खेलों में प्रतिभाशाली छात्रों को आने वाले समय के लिए प्रशिक्षित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने से खिलाड़ी पूर्ण मानव बनते हैं। खेलों में भाग लेने से नवोन्मेष, लीक से हटकर दृष्टिकोण, टीम भावना, जीत को पचाने की क्षमता और हार को स्वीकार करना सिखाया जाता है।
उन्होंने कहा कि स्कूलों को खेल किट देने की पहल से खेल गतिविधियों को बड़े पैमाने पर बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे छात्रों को आत्मविश्वास, मानसिक सतर्कता और आत्म सम्मान बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस योजना का उद्देश्य सभी स्तरों पर समावेशी और समान गुणवत्ता वाली शिक्षा सुनिश्चित करना है। इसके तहत 10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। खेल उपकरण के लिए अनुदान प्राथमिक विद्यालयों के लिए पांच हजार रुपये, माध्यमिक विद्यालयों के लिए 10 हजार रुपये और फ्लैश कार्ड, चैट और पहेली पुस्तकों के लिए पांच लाख रुपये की दर रखी गई है।
कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विद्यालय को 12 चैट और 10 पहेली पुस्तकें वितरित की गईं। उन्होंने उपस्थित लोगों से खेल उपकरण और शैक्षिक सहायता का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारी मजालता सहित विभिन्न विभागों के क्षेत्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर सरपंच कमला देवी, पंच तीरथ राम, राजिंदर प्रसाद, आदि उपस्थित थे।