उधमपुर। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को शहर व ग्रामीण इलाकों में तीन नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ डेंगू के कुल मामलों की संख्या 19 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस पर अंकुश लगाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। टेस्टिंग बढ़ाने के साथ लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बिना जागरूकता के इस पर काबू पाना बहुत मुश्किल है।
अक्तूबर शुरू होने के साथ ही जिले में डेंगू के मामले आने लगे थे। पहले दो सप्ताह में तो कम मामले आए। लेकिन, तीसरा सप्ताह शुरू होने के साथ ही इनकी संख्या में तेजी से बढ़ोतरी होना शुरू हो गई है। अब हालात यह बन गए हैं कि इस पर काबू पाना मुश्किल हो गया है। वीरवार को कुल चार मामले सामने आए थे। वहीं, शुक्रवार को शाम तक तीन नए मामलों की पहचान हो गई है।
यह तीन ताजा मामले जोजड़ा तालाब, संगूर और जोनू इलाके में आए हैं। जिला अस्पताल में बुखार का मामला आने के बाद तुरंत व्यक्ति का डेंगू टेस्ट किया जा रहा है। विभाग ने टेस्टिंग तेज कर दी है। इसके साथ शहर व ग्रामीण इलाकों में फॉगिंग और दवाई का छिड़काव भी करवाया जा रहा है।
------
जहां से भी डेंगू का मामला सामने आ रहा है, वहां दवाई का छिड़काव करवाया जा रहा है। इलाके में जमा पानी को हटाया जा रहा है। इसके साथ लोगों को सफाई रखने और स्वास्थ्य को लेकर जागरूक भी किया जा रहा है। विभाग ने डेंगू के उपचार की पूरी व्यवस्था कर रखी है।
- डॉ. मोहम्मद यासीन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी