शिवसेना द्वारा मानसर में खोली जा रही शराब की दुकानों के विरोध में किया गया प्रदर्शन। संवाद
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जम्मू संभाग में जगह-जगह खोली जा रहीं शराब की दुकानों के विरोध में मंगलवार को शिवसेना के जिला प्रधान संजीव कुमार की अध्यक्षता में मानसर इलाके में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इसमें उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार एक साजिश के तहत मंदिरों के शहर को शराबियों का अड्डा बनाने का जो प्रयास कर रही है, उसे शिवसेना किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने देगी। इसके लिए शिवसेना पूरे संभाग में एक अभियान शुरू करेगी।
वहीं प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे शिवसेना के जिला प्रधान संजीव कुमार ने कहा कि शिवसेना का सदस्यता अभियान लगातार जारी है इसके तहत आज उन्होंने मानसर इलाके का दौरा कर क्षेत्रवासियों की समस्याओं का जायजा लिया है। इस मौके पर काफी संख्या में मानसर व इसके आसपास के इलाके के युवाओं ने पार्टी की जनहित नीतियों से प्रभावित होकर शिवसेना का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि शिवसेना की नीतियां बिल्कुल स्पष्ट और साफ हैं, शराबबंदी भी इसका एक हिस्सा है। जबकि वर्तमान सरकार जम्मू कश्मीर के युवाओं को रोजगार देने की बजाय उन्हें नशाखोरी की तरफ धकेलने का प्रयास कर रही हे। अपने निजी फायदे के लिए सरकार जम्मू संभाग को एक सोची समझी साजिश के तहत शराबियों का अड्डा बनाने पर आमादा हैं, इसके लिए जगह-जगह शराब की नई दुकानें खोली जा रहीं हैं, जो बिल्कुल भी उचित नहीं है। इस दौरान लोगों से शिवसेना से जुड़ने की अपील की गई। इस मौके पर उनके साथ जिला महासचिव अनिल विजय कुमार, वरिष्ठ उप प्रधान संजय पंडिता, जिला प्रभारी अश्वनी प्रभाकर, कामगार सेल के प्रधान अजय गुप्ता, उप प्रधान विजय सिंह व अन्य मुख्य रूप से मौजूद रहे।