उधमपुर। आदर्श कॉलोनी में नेशनल कांफ्रेंस की बैठक जिला संयुक्त सचिव गुरवचन सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से नगर में फॉगिंग और सैनिटाइज करवाने की अपील की।
इस दौरान गुरवचन सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन और नगर परिषद कोरोना के नाम पर केवल कारोबारियों को परेशान किया जा रहा है। कोरोना की रोकथाम के लिए उठाए जाने वाले कदमों में कोताही बरती जा रही है। नगर को सैनिटाइज करने के लिए अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। इसलिए जिला प्रशासन से उनकी मांग है कि लॉकडाउन के दौरान शहर में फॉगिंग और दवाई का छिड़काव करवाया जाए।
जिला प्रशासन व नगर परिषद का सारा ध्यान केवल दुकानदारों को जुर्माना करने और दुकानों को बंद करवाने पर ही केंद्रित है। दूसरी ओर तहसील परिसर व जिला अस्पताल में दिनभर लोगों की भीड़ जुट रही हैं, वहां ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ट्रांसपोर्ट मामले में भी प्रशासन का रवैया कुछ ऐसा ही है। एक तरफ सार्वजनिक वाहनों में पचास प्रतिशत सवारियां बिठाने का आदेश जारी किया गया है, तो दूसरी ओर टेंपो ट्रैवलर में सौ फीसदी से भी अधिक सवारियां बिठाईं जा रही हैं। इसलिए जिला प्रशासन से मांग कि बाजारों के साथ-साथ अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी ध्यान दिया जाए।