उधमपुर। शहर से लगे बट्टलबालिया इलाके में बुधवार रात तेज रफ्तार बाइक सवार ने पैदल चल रहे अधेड़ को टक्कर मार दी। हादसे में पैदल अधेड़ की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक पलटने से उस पर सवार दोनों युवक घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे पैदल जा रहे अधेड़ ओम प्रकाश (50) पुत्र धर्मु निवासी जितो कटड़ा को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक भी पलट गई। हादसे में ओम प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार शाम लाल (35) पुत्र पूर्ण चंद निवासी घोरडी और मोहिंद्र लाल (22) पुत्र प्रकाश चंद निवासी चौकी तहसील रामनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके से गुजर रहे लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनाें के हवाले कर दिया गया।