धमपुर: इंडस्ट्रियल एरिया बटल बलिया में विशाल दंगल में मुख्य अतिथि दोनों पहलवानों के साथ.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। बट्टल बालियां में वार्षिक दंगल का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न इलाकों और राज्यों से आए पहलवानों के बीच 46 कुश्तियां हुईं। सबसे बड़ी माली का मुकाबला महाराष्ट्र के सिकंदर शेख और हरियाणा के मोनू पहलवान के बीच लड़ा गया, जो बेनतीजा रहा। अंत में दोनों पहलवानों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया।
भाजपा नेता एवं प्रमुख कुश्ती प्रमोटर स्वर्ण सिंह राठौर ने बड़ी माली के लिए निर्धारित दो लाख 10 हजार रुपये का पुरस्कार दोनों पहलवानों में बांट दिया। इस दंगल का आयोजन जय बाबा लौंडना युवा दंगल समिति ने जम्मू-कश्मीर भारतीय शैली कुश्ती संघ और सभी उद्योग उधमपुर के सहयोग से किया था। दंगल समिति के अध्यक्ष राकेश सिंह (पिंटू) के समग्र पर्यवेक्षण में हुए इस दंगल में भाजपा नेता स्वर्ण सिंह राठौर मुख्यातिथि थे।
मौके पर ऑल जेएंडके इंडियन स्टाइल रेसलिंग एसोसिएशन के प्रधान शिव कुमार शर्मा, एसपी असलम और डीडीसी उधमपुर पूरन चंद विशिष्ट अतिथि थे। दंगल का आनंद उधमपुर व आसपास के इलाकों से आए हजारों लोगों ने लिया और तालियां व सीटियां बजाकर पहलवानों का मनोबल बढ़ाया। दंगल की दूसरी माली जम्मू-कश्मीर पुलिस के बिनिया मीन और लुधियाना (पंजाब) के नेकी पहलवान के बीच हुई।
इस रोमांचक मुकाबले में बिनिया मीन ने जीत हासिल की। इसके लिए उन्हें 41 हजार रुपये और उपविजेता पहलवान नेकी को 30 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। तीसरी माली का मुकाबला जम्मू-कश्मीर पुलिस के लल्लू ने पंजाब के जन्ना पहलवान को हराकर जीता। जबकि, चौथे मुकाबले में डोडा के निसार पहलवान ने लुधियाना के अमाना पहलवान को हराया। 5वीं माली उधमपुर के अजय शर्मा ने रोहतक (हरियाणा) के नवदीप पहलवान को पटखनी देकर जीती। संघ ने जानकारी दी कि इस एक दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजन पर छह लाख रुपये व्यय किए गए।