उधमपुर। पुलिस ने शहर में साइबर ठगी का शिकार हुए दो लोगों के हजारों रुपये वापस पाए हैं। हालांकि इसमें किसी ठग की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार पहला मामला 9 नवंबर को सामने आया। गीता कुमारी के बैंक खाते से अचानक साइबर ठगों ने करीब डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए। एसएमएस के जरिये महिला को इसका पता चला तो वह तुरंत शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची। पुलिस भी शिकायत मिलते ही हरकत में आई और 88 हजार रुपये वापस कर लिए। यह राशि महिला के खाते में वापस आ गई।
दूसरा मामला शुक्रवार को ही सामने आया। जब ओमेश गुप्ता के खाते से साइबर ठगों ने 39 हजार रुपये निकाले। उमेश ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। इस पर कार्यवाई करते हुए पुलिस की साइबर टीम ने कुछ घंटों की मशक्कत के बाद 19695 रुपये वापस खाते में पहुंचा दिए। इस पर एसएचओ चमन गोरखा ने कहा है कि फिलहाल काफी हद कर रुपयों को बरामद कर लिया गया है। साइबर चोरों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।
पुलिस ने सभी को जागरूक भी किया है कि साइबर ठगी का शिकार होने से बचें। किसी को भी अपने बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, आधार नंबर, मोबाइल नंबर, आदि न दें। अगर कोई ठगी का शिकार होता है, तो इसकी सूचना तुरंत बैंक और पुलिस को दें।