बारिश के कारण नगर में अब बिजली और पानी का संकट भी गहरा गया है। कई क्षेत्रों में तीन दिन से पानी सप्लाई नहीं हुई है। अघोषित बिजली कटौती के कारण लोग परेशान हैं।
बिजली कटौती और फिल्ट्रेशन प्लांट में मिट्टी अधिक होने के कारण पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। नदी नालों में पानी की स्तर भी काफी अधिक होने से विभाग ने पानी की सप्लाई रोकी है।
उधमपुर के सुभाष नगर और मोआडा मोड़ इलाके में दो दिन से हो रही तेज बारिश के कारण बिजली बंद है। पिछले तीन दिन बिजली नहीं होने के कारण पानी की सप्लाई भी बाधित हुई।
आसमान मेें बादल होने से दिन में भी कई लोगों के घरों में अंधेरा हो गया है। मोआड़ा मोड़ के सौरभ, बलदेव राज, सुनील कुमार के अनुसार तीन दिन से बिजली बंद है। ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। लोगों के मोबाइल भी चार्ज नहीं हुए हैं।
इनवर्टर भी नहीं चल रहे। वहीं, सुभाष नगर, हाउसिंग कालोनी, दोमेल, दोमेल चौक में पानी की सप्लाई भी बाधित हुई है। बारिश के कारण लोग बावलियों पर भी नहीं जा पा रहे हैं। जहां से वह पीने का पानी ला सके। सुभाष चंद्र, शिव गुप्ता के अनुसार अगर पानी की सप्लाई बहाल नहीं हुई तो हाहाकार मच जाएगा।