जिले के करोल इलाके में सोमवार की दोपहर बाद चिनाब दरिया में नहाते समय एक व्यक्ति का पांव फिसल गया और दरिया के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने उसे ढूंढने का प्रयास किया। लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला।
जानकारी के मुताबिक पेशे से ड्राइवर सनासर निवासी कृष्ण भगत (35) सोमवार को किसी काम से करोल आया हुआ था। काफी तेज गर्मी होने के कारण दोपहर बाद वह चिनाब दरिया में नहाने गया। उसने अपने कपड़े और मोबाइल फोन को दरिया किनारे रखा और खुद पानी में घुसा। लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था।
पानी के तेज बहाव में उसके पानी लड़खड़ाकर फिसल गए और वह तेज धारा में बहता चला गया। कुछ लोगों ने उसे बहते देख आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी। जब तक बचाव दल और पुलिस वहां पहुंची तब तक वह पानी में समा चुका था। देर शाम तक उसका कुछ भी पता नहीं चला।
पुलिस ने उसके कपड़े और फोन को बरामद किया, जिससे उसकी पहचान हो सकी। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। मंगलवार को भी उसकी तलाशी की जाएगी। बता दें कि दस दिन पहले करोल में गैस से भरा टैंकर दरिया में गिर गया था जो तेज बहाव के कारण बहकर पांच किलोमीटर दूर मैत्रा पहुंच गया। वहां एक बड़े पत्थर में फंस कर अटक गया था।