जिला पीएचई हेडक्वार्टर के स्टोर में आग लग गई। आग से स्टोर में रखे सामान, फर्नीचर और इमारत को नुकसान पहुंचा है। पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार शहर के प्रमुख क्षेत्र एमएच चौक स्थित पीएचई कार्यालय के स्टोर के पीछे झाड़ियों में सुबह लगभग साढे़ दस बजे आग लग गई। जैसे ही इसकी भनक विभाग के कर्मियों को लगी तो उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। झाड़ियों में आग काफी इलाके में फैलने से इसने विभाग के स्टोर को भी कब्जे में ले लिया। स्टोर की इमारत भी इसमें झुलसने लगी।
मौके पर पहुंचे फायर बिग्रेड के कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। इसकी वजह से आग अधिक फैल नहीं पाई और बड़ा नुकसान होने से बच गया। आग लगने से स्टोर को भी कुछ नुकसान पहुंचा है। किसी व्यक्ति द्वारा सुलगती बीड़ी या सिगरेट झाड़ियों में फेंकने की वजह से आग लगने की आशंका भी जताई जा रही है।