जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ने वाले चंद्रकोट थाना अंतर्गत नूतनबूम में इलाके में मेटाडोर और कार में सामने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में दो कार सवार सहित आठ मुसाफिर घायल हो गए। इनमें से एक को गंभीर हालत में जम्मू रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार करीब साढ़ दस बजे यात्री से भरा एक मेटाडोर बटोत से रामबन की तरफ आ रही थी। जब वह नूतनबूम पहुंची तो सामने आ रही एक कार के साथ उसकी भिड़ंत हो गई।
इस दुर्घटना में कार में सवार मो. आकिद और मंजूर अहमद सहित मेटाडार के छह यात्री करण सिंह, जसवीर सिंह, सुरजीत सिंह, रोहित कुमार, रंजीत सिंह और भानूप्रताप सिंह घायल हो गए। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से सभी को उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
वहां सभी को प्राथमिक उपचार दिया। यहां से सात को छुट्टी दे दी गई। जबकि एक कार सवार किश्तवाड़ निवासी मो. आकिद को नाजुक हालत में जम्मू रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया है।