राज्य शिक्षा बार्ड के रामबन स्थित कार्यालय में रविवार की देर रात को चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। इससे शिक्षा बोर्ड में खलबली मची हुई है। इस मामले में पुलिस ने बोर्ड के कुछ अधिकारियों को सोमवार देर शाम तक थाने पर बुलाकर पूछताछ भी की है। हालांकि अभी इस मामले में पुलिस या शिक्षा बोर्ड के अधिकारी खुलकर कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक रविवार की देर रात को शिक्षा बोर्ड के उप कार्यालय की खिड़की को तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए। इसकी जानकारी सुबह तब मिली, जब कार्यालय खुला। तुरंत यह घटना शहर में आग की तरह फैल गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। शिक्षा बोर्ड के कुछ अधिकारियों को थाने पर बुलाकर पूछताछ की गई।
मामले की गंभीरता को देखकर एसएसपी रणदीप कुमार ने भी बोर्ड कार्यालय का दौरा कर मौका-ए-वारदात का निरीक्षण किया। सूत्रों के मुताबिक चोर कुछ अहम दस्तावेज उड़ा ले गए हैं। हालांकि न तो बोर्ड के अधिकारी अभी कुछ बोलने को तैयार हैं और न ही पुलिस। मजे की बात यह है कि शिक्षा बोर्ड के कार्यालय से महज सौ मीटर की दूरी थाना, डीएसपी का हेडक्वार्टर और कई अधिकारियों का आवास है। लिहाजा यह काफी व्यस्त क्षेत्र है।
गौरतलब है कि पिछले महीने की 24 तारीख को विंटर जोन में बोर्ड की परीक्षा शुरू होने ही वाली थी, लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले ही परनोत हाई स्कूल पर बने केंद्र पर प्रश्नपत्र के बंडल खुले पहुंचे थे। इसकी जानकारी बोर्ड के अधिकारियों को मिलने के बाद परीक्षा को रद्द कर विशेष जांच कमेटी बैठाई गई थी। इस मामले में बोर्ड के सहायक सचिव मोहन सिंह जंवाल को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया था।
कई कर्मचारियों से पुलिस ने दो दिन तक कड़ी पूछताछ की गई थी। लेकिन उस मामले में अभी कुछ खुलासा हुआ भी नहीं किया फिर बोर्ड कार्यालय में चोरी का मामला सामने आ गया।
जांच से जुड़े दस्तावेज चोरी होने की आशंका
सूत्रों की माने तो पिछले महीने प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में कुछ अहम दस्तावेजों की चोरी की गई है। बोर्ड कार्यालय में रखे गए पुराने प्रश्नपत्र भी गायब होने की सूचना है। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। दूसरी तरफ लोगों में फिर से प्रश्नपत्र लीक होने की चर्चा भी शुरू हो गई है। क्योंकि परीक्षा कल बुधवार से शुरू होने वाली है।
जम्मू कश्मीर स्टेट बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन की सचिव वीना पंडिता ने कहा कि 16 नवंबर को दसवीं की नए सिरे से परीक्षा आरंभ होगी। बोर्ड व शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को पिछले दिनों पेपर लीक के मामले को लेकर पूछताछ के लिए बुलाया गया होगा। वर्तमान में पेपर लीक होने का कोई मामला नहीं है।