उधमपुर। घोरडी के बरमीन से 23 मई से लापता युवक का मंगलवार को दरसू इलाके से शव बरामद हुआ। तवी नदी में मछली पकड़ने वाले मछुआरे ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार 23 मई को 27 वर्ष का दलीप सिंह निवासी बरमीन अपने गांव से लापता हो गया था। उसी दिन शाम के समय एक व्यक्ति ने जगानू पुल से तवी नदी से छलांग लगा दी थी। 25 मई को दलीप के परिवार के सदस्यों ने घोरडी पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस अंदाजा लगाने लगी कि छलांग लगाने वाला बरमीन से लापता हुआ दलीप सिंह हो सकता है। छलांग लगाने वाले का पता लगाने के लिए जगानू पुल के पास सर्च आपरेशन चलाया गया था। इसके लिए सेना के गोताखोर भी बुलाए गए थे, जोकि दो दिन तक छलांग लगाने वाले का पता लगाने में जुटे रहे, छलांग लगाने वाले का कुछ पता नहीं चला था। मंगलवार सुबह दरसू इलाके में मछुआरा मछली पकड़ रहा था कि अचानक उसने पानी में शव तैरता हुआ देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना रौद दोमेल पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला तो उसकी पहचान बरमीन से लापता हुआ दलीप सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। दोपहर के समय पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया। पुलिस अब पता लगाने का प्रयास कर रही है तवी नदी से छलांग लगाने वाला दलीप ही है या फिर कोई और था।