उधमपुर। नगर के हॉस्पिटल रोड पर खड़ी की एक रेहड़ी को वीरवार की रात कुछ शरारती तत्वों ने आग लगा दी। इससे रेहड़ी पर रखा सारा सामान भी जलकर राख हो गया।
सुबह जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे रेहड़ी संचालक जुगल किशोर ने कहा कि वह वृद्ध होने के साथ ही ठीक ढंग से चलने में असमर्थ है। इसी रेहड़ी पर कपडे़ बेचकर अपनी आजीविका चला रहा था, लेकिन वीरवार की रात घर के बाहर सड़क पर खड़ी उसकी रेहड़ी को कुछ शरारती लोगों ने आग लगा दी है। इससे रेहड़ी पर रखा सारा सामान भी जलकर राख हो गया है। हजारों रुपये का नुकसान होने के साथ ही उसका रोजी रोटी का साधन भी छिन गया है। इसलिए प्रशासन से मांग है कि पूरे मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस मामले पर रोष जताते हुए स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि पुलिस में शिकायत कराई गई है, लेकिन जिस तरीके से रेहड़ी को आग लगाई गई है, उससे क्षेत्र की दुकानदारों में भी डर पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि सुबह के समय जब वह दुकान पर पहुंचे, तब भी रेहड़ी के बचे हिस्से से आग की ऊंची लपटें निकल रही थीं, उन्होंने फौरन आग को बुझाया। उन्होंने कहा कि रेहड़ी की आग से दुकान तथा बिजली की तारों में आग लग सकती थी, जिससे बड़ा हादसा यहां पेश आ सकता था। इसलिए ऐसा घिनौना काम करने वाले आरोपी के लिए सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित की हालत को देखते हुए क्षेत्र के सभी दुकानदारों ने ही मिलकर उसे सुझाव दिया था, कि वह रेहड़ी लगाकर अपनी आजीविका चलाए, जिसमें क्षेत्र के दुकानदार उसका सहयोग करेंगे, लेकिन बडे़ दुख की बात है कि किसी ने उसकी रेहड़ी को आग लगाकर पूरी तरह से जला डाला है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की तस्वीर कैद हुई है। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द दोषी का पता लगाकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित को मुआवजा देकर उसके नुकसान की भरपाई की जाए।