उधमपुर। शहर के गोल पुली इलाका स्थित नेशनल एकेडमी हाई स्कूल के अंदर से रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। स्कूल के मालिक ने इसके बारे में पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाया।
सुबह करीब दस बजे स्कूल का कर्मचारी जब स्कूल में पहुंचा तो उसने स्कूल के एक कमरे में डेस्क पर राज कुमार पुत्र कृपु राम निवासी कुह नाला उधमपुर का शव पड़ा देखा। उसने इसके बारे में स्कूल के मालिक को सूचित किया और मालिक ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। वहीं सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार के सदस्य भी स्कूल पहुंच गए।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया। स्कूल के मालिक ने पुलिस को बताया कि मृतक राजकुमार की पत्नी पहले स्कूल में काम करती थी। कुछ महीने पहले उसके पति ने रात को सोने के लिए जगह मांगी थी। इस पर स्कूल का एक कमरा दे दिया था। फिर बाद में स्कूल में सोना बंद कर दिया। छह दिन पहले फिर से स्कूल आया और रात को सोने के लिए स्थान मांगा तो पहले की तरह कमरे में स्थान दे दिया।
रविवार सुबह जब एक कर्मचारी स्कूल में पहुंचा तो उसने गेट को खटखटाया, लेकिन अंदर से किसी ने जवाब नहीं दिया। जब उसने गेट को पार कर अंदर प्रवेश किया तो राजकुमार के शव को डेस्क पर पड़ा देखा। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।