उधमपुर/रियासी, किश्तवाड़। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकी मददगारों की पड़ताल के उद्देश्य से उधमपुर और रियासी सहित प्रदेश के पांच जिलों में छापे मारे। उधमपुर में बसंतगढ़ इलाके में सुबह ही टीम पहुंच गई। टीम ने कदवा, लोधरा सहित कई पहाड़ी क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। कई घरों की तलाशी ली। गौरतलब है कि बसंतगढ़ में कुछ माह पूर्व आतंकी गतिविधियों में काफी बढ़ोतरी देखी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी के चलते एनआईए की टीम पाकिस्तानी आतंकियों की मदद करने वाले लोगों व स्लीपर सेल की धरपकड़ में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार अभी भी जम्मू रीजन के कई पहाड़ी क्षेत्र, जिनमें बसंतगढ़ भी शामिल हैं, के घने जंगलों में आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। मौजूदा समय में बसंतगढ़ के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी व सर्दी अधिक हो जाने के चलते आतंकी क्षेत्र में फैले घने जंगलों में छिप सकते हैं। उसी के चलते आतंकियों की कमर तोड़ने के लिए एनआईए की टीम क्षेत्र में पहुंची है। लेकिन इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है कि पूछताछ के लिए कितने लोगों को पकड़ा गया है।
वहीं, टीम ने किश्तवाड़ के छिछा में शबीर अहमद के घर की तलाशी ली। बताया जाता है कि इसके घर में पहले भी छापा पड़ा था, जिसमें टीम ने मोबाइल जमा किए थे, जिन्हें वीरवार को लौटा दिया गया। वहीं, टीम ने रियासी के माहौर के गांव खोर में छापा मार तीन घंटे तक जांच की। यहां के आतंकी मददगार मोहम्मद इकबाल पर पुलिस थाना बाहु फोर्ट जम्मू और माहौर में मामले दर्ज हैं।