उधमपुर। घोरडी-बरमीन इलाके की सुलगार पंचायत में शहीद बलवीर सिंह की याद में डीडीसी पार्षद राकेश चंद्र शर्मा की ओर से क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। युवाओं को संबोधित करते हुए राकेश चंद्र शर्मा ने कहा कि चार लाख की धन राशि उन्होंने मैदान के लिए उपलब्ध करवाई है, जल्द ही उसका काम शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ते ड्रग्स और चिट्टे जैसे नशे से अगर लड़ना है तो बच्चों और युवाओं में खेल की रूचि बढ़ाना होगा। उन्होंने बताया कि शहीद रजनीश स्टेडियम के लिए भी उन्होंने कुछ राशि उपलब्ध करवाई है ,जल्द ही उसका काम भी शुरू हो जाएगा। उन्होंने युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी भाग लेने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर घोरडी बरमीन का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
शहीद बलवीर सिंह को युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि घोरडी- बरमीन के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं हैं। इसे तराशना और युवाओं को अच्छे खेल के मैदान उपलब्ध करवाना उनका संकल्प है।