मैन आफ द मैच देते हुए सदस्य व अन्य
- फोटो : KATRA
कटड़ा। धर्मनगरी में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के स्टेडियम में करवाई जा रही प्रतियोगिता में शनिवार को लाइफ केयर दिल्ली और श्री राम क्रिकेट क्लब ज्योतिपुरम (रियासी) की टीम के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें दिल्ली की टीम ने जीत के साथ फाइनल में प्रवेश करते हुए तीन लाख का इनाम पक्का कर लिया। उधर, शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल में केसीसी कटड़ा को हराकर हिल्स व्यू राजौरी ने लगातार दूसरे वर्ष फाइनल में प्रवेश किया है।
शनिवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम ने 19 ओवर में 143 रन बनाए। विकास दीक्षित ने 27 गेंदों पर 33 रन और अंकित ने 19 बॉल में 32 रन का योगदान दिया। ज्योतिपुरम के गेंदबाज विनय ने तीन ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट झटके, कमल ने चार ओवर में 30 रन देकर तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ज्योतिपुरम की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 130 रन ही बना सकी। दिल्ली ने 13 रन से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। ज्योतिपुरम के आकाशदीप ने 39 गेंदों पर 37 रन और अभिषेक ने 17 गेंदों पर 19 रन का योगदान दिया। दिल्ली के दीपक कुमार ने चार ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट, दीपक भाटी ने 4 ओवर में 26 रन देकर दो विकेट झटके। दीपक कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जिन्हें 3100 नकद व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। मौके पर श्याम पुजारी, रविशर्मा, शिवकुमार शर्मा, स्पोर्ट्स क्लब कटड़ा के प्रधान सुनील डोगरा, वरिष्ठ सदस्य भारत भूषण सदोत्रा, अरुण शर्मा, रवि नाग, रमणीक नवादा आदि मौजूद रहे।