फोटो...किश्तवाड़ के केशवान में हादसे में मरे लोगों के जनाजे में भारी संख्या में लोग शामिल।
- फोटो : UDHAMPUR
किश्तवाड़। जिले में वीरवार को देर शाम सड़क हादसे में मारेे गए सभी छह लोगों को शुक्रवार को हजारों लोगों ने नम आंखों से विदाई दी। केशवान इलाके में ही अपने-अपने गांव के पास बने कब्रिस्तानों में उन्हें सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान हजारों लोग शामिल हुए। लगभग पूरे जिला से जहां भी उनकी रिश्तेदारी थी वह भी और भी कई लोग उनके जनाजे में शामिल हुए।
वीरवार की देर शाम हादसे के बाद इस पूरे इलाके में मातम छाया हुआ है। आज भी पूरे दिन उनके जनाजे में शामिल लोगों की आंखें नम थीं। इन 6 लोगों में एक ही घर के दो भाई भी थे, जिनके जाने से उनके घर में रो-रो कर परिवार वालों का बुरा हाल था। इस दौरान कई समाजी व सियासी नेता भी शामिल हुई। केशवान इलाके के सरपंच फारूक अहमद ने सरकार व जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि इन के परिवार वालों को राहत राशि दी जानी चाहिए। जैसा पहले भी हादसे के बाद घोषणा होती रही है। अभी तक दूसरा दिन बीतने के बाद इन्हें कुछ नहीं दिया जा रहा है। जिसकी उन्हें बहुत आवश्यकता है। यह सभी गरीब लोग थे। उन्होंने मांग की है कि कम से कम इनके परिवार को प्रति 10 लाख रुपये राहत राशि दी जाए।
उन्होंने जिला प्रशासन की तरफ से उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा और एसएसपी शफकत हुसैन का आभार प्रकट किया कि हादसे के तुरंत बाद वह मौके पर आए और चिकित्सक टीम भी साथ लाई थी। जिन्होंने देर रात्रि के समय ही पोस्टमार्टम कर शवों को उनके परिवार वालों को सौंप दिया।