चिनैनी। देश सहित प्रदेश और जिले में कोरोना के मामलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो रही है, जिसके चलते प्रशासन ने सख्ती करना शुरू कर दी है। लेकिन तहसील में कोविड-19 नियमों की धज्जियां उड़ा कर महामारी को न्योता दिया जा रहा है। सोमवार को भी बैंक के बाहर नियमों की अनदेखी कर कतारें लगी रहीं।
चिनैनी में सोमवार को अवकाश के बाद जैसे ही बैंक खुला तो उपभोक्ताओं की दोपहर तक लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान सामाजिक दूरी के नियम का पालन नहीं किया गया। लाइनें बस स्टैंड तक पहुंच गई थीं, जोकि काफी चिंताजनक है। ऐसा लग रहा था मानो कोरोना का खात्मा हो गया है। सनद रहे कि चिनैनी क्षेत्र में कोरोना के कई मामले सामने आ चुके हैं। इस कारण भीड़ लगने से महामारी के संक्रमण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसलिए प्रशासन को इस संबंध में कदम उठाने की जरूरत है।