उधमपुर। जिले में कोरोना संक्रमण के कारण वीरवार को एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। इसके साथ ही जिले में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 145 हो गई है। वहीं, वीरवार को जिले में 74 नए मामले मिले हैं। जबकि, 126 लोगों ने संक्रमण को मात दी है।
स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को संक्रमित मिले लोगों को जरूरी निर्देश देकर आइसोलेशन में भेज दिया है। इनके संपर्क में रहने वाले कई लोगों की भी जांच करवाई गई है।
जिले में कोरोना संक्रमितों का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जांच बहुत तेज कर दी है। शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी सैकड़ों लोगों के कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। वीरवार को भी उधमपुर शहर के साथ पंचैरी, रामनगर, चिनैनी, मजालता, बसंतगढ़, डुडू व अन्य कई ग्रामीण इलाकों में सैकड़ों लोगों के कोरोना टेस्ट किए गए। इनमें 74 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 50 मामले सुरक्षाबलों के पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार टिकरी के ग्रामीण इलाकों में सात और शहर में दो, चिनैनी के ग्रामीण इलाकों में 12, रामनगर में एक, मजालता में दो और एक व्यक्ति बाहरी राज्य का कोरोना संक्रमित पाया गया हैं। जिले में कोरोना संक्रमितों की सख्या अब 14370 हो गई है। इनमें से 13838 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 145 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 387 मामले सक्रिय हैं।