उधमपुर। जिले में मंगलवार को 121 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सोमवार के मुकाबले में मंगलवार को कोरोना के मामलों में कमी आई है। इसके साथ 123 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों के संपर्क में रहने वाले दो सौ से अधिक लोगों की जांच भी की है।
कोरोना की तीसरी लहर के बीच उधमपुर में सोमवार को 234 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इस वर्ष सबसे अधिक मामले सोमवार को ही सामने आए। हालांकि, मंगलवार को इनकी संख्या में थोड़ी कमी आई है। शाम तक कुल 121 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें 10 लोग बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मेडिकल ब्लॉक के टिकरी ग्रामीण इलाके में 36 और शहर में 31, चिनैनी के ग्रामीण इलाके में नौ और शहर में 10, रामनगर में 10, पंचैरी में 11, मजालता में दो और 12 सुरक्षाकर्मी संक्रमित पाए गए हैं। जिले में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल मामले 13426 हो गए हैं। इनमें से 12223 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। 143 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। अब 1060 सक्रिय मामले बचे हैं।