उधमपुर। जिले में शुक्रवार को सौ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वीरवार के मुकाबले में शुक्रवार को 50 प्रतिशत मामलों में कमी आई है। अच्छी बात यह है कि 121 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं।
कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी के साथ प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। इसलिए, हर प्रतिदिन साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों के कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। सबसे अधिक माइक्रो कंटेनमेंट जोन के अंदर कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। वीरवार को कुल 200 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। लेकिन, शुक्रवार को शाम तक कुल सौ लोग संक्रमित पाए। इनमें 12 लोग बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए गए हैं।
राहत भरी बात यह रही कि एक दिन में 121 लोग कोरोना को मात देने में भी कामयाब रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार तक जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 12879 हो गई है। इनमें से 11724 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 143 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब सक्रिय मामलों की संख्या 1012 हो गई है।