उधमपुर। जिले में रविवार को भी सौ से अधिक लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। शाम तक बाहरी राज्यों से लौटे 14 लोगों सहित 126 कोरोना संक्रमित पाए गए। इनके संपर्क में रहने वाले सैकड़ों लोगों का पता लगाकर उन्हें आइसोलेट करने के साथ कोरोना टेस्ट भी करवाए गए हैं।
जिले में संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। हर रोज उम्मीद से अधिक लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। शनिवार को कुल 125 लोग संक्रमित पाए गए थे। इनमें 21 लोग बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए गए थे। रविवार को कुल 126 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 30 लोग मेडिकल ब्लॉक टिकरी, 14 चिनैनी, रामनगर में 26, पंचैरी में दो, बसंतगढ़ में दो, मजालता में सात, उधमपुर शहर में 40 और पांच सुरक्षाकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
अब जिले के हर मेडिकल ब्लॉक में लोग संक्रमित पाए जाने लगे हैं। शाम तक 20 लोग कोरोना को मात देने में भी कामयाब रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 12168 हो गए हैं। इनमें से 11422 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 141 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 605 हो गई है।