किश्तवाड़। जिले में अब हर व्यक्ति के लिए कोरोना टेस्ट करवाना अनिवार्य होगा। वीरवार को डीसी अशोक कुमार शर्मा ने आदेश जारी किया है। इसमें जिले के सभी दुकानदारों, व्यापरियों, वर्करों, सेवाएं देने वालों के कोरोना टेस्ट करवाना अनिवार्य कर दिया गया है। स्कूलों में रेंडम सैंपलिंग के प्रबंध करने के लिए कहा गया है।
डीसी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को हर स्कूल में कोरोना टेस्ट करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार एक मार्च से स्कूल खुल गए हैं। देश में फिर से कोरोना महामारी के आंकड़े बढ़ रहे हैं। ऐसे में हर स्कूल में शिक्षकों, बच्चों का टेस्ट करना जरूरी हो गया है। इसके लिए जल्द प्रबंध किए जाएं।
डीसी ने जनता से महामारी से बचने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने भीड़ में जाने से परहेज करने और प्रशासनिक दिशानिर्देशों का पालन करने को कहा है। इसके अलावा सभी 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीका लगवाने पर जोर दिया है।